पटना में आज मंगलवार को सीएम आवास घेरने जा रहे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को दौड़ा—दौड़ाकर पीटा। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता भागलपुर के पीरपैंती में बिहार के सबसे बड़े ताप बिजली घर के लिए गौतम अडानी की कंपनी को जमीन देने का विरोध कर रहे थे। इसी के अंतर्गत आज उन्होंने सीएम हाउस के घेराव का ऐलान किया था। प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उदयभानु चिब, गरीब दास और प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार ने किसानों की जमीन उद्धोगपति अडानी की कंपनी को मुफ्त में बांट दी है।
युवा कांग्रेस ने आज प्रदर्शन पर निकलने से पहले पटना के सदाकात आश्रम में जुटान किया और फिर वहां से सीएम आवास का घेराव करने लिए निकले। लेकिन राजापुर पुल के पास पटना पुलिस ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैरिकैडिंग कर रोक दिया। इसके बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हंगामा करने लगे। इतना ही बैरिकेडिंग पर चढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। उन्हें पीछे हटने को कहा गया फिर भी वो नहीं माने और नीतीश सरकार के विरोध में नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग करना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज के दौरान कई कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की खबर है। बाद में पुलिस ने बलपुर्वक उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
लाठीचार्ज के बाद यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु युवा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से वोट चोरी करने की कोशिश कर रही है। इतना ही नहीं अडानी को मुफ्त में सरकार ने जमीन दे दी है। लेकिन अब जवाब नहीं दे रही है। सवाल पूछने पर हमलोगों पर लाठीचार्ज किया जा रहा और हमारी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। आज हमलोग शांतिपूर्ण मार्च कर रहे थे। लेकिन, पटना पुलिस ने हमलोगों को घसीटा। इतना ही नहीं कॉलर पकड़कर सड़क पर घसीटने लगे और लाठियों से बुरी तरह पीटा। उन्होंने कहा कि इससे हमारा विरोध थमने वाला नहीं। हम इस मुद्दे को लेकर जनता के पास जायेंगे और जनता इन निरंकुश शासकों को चुनाव में सबक सिखा देगी।