पटना/बाढ़: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाढ़ एनटीपीसी में झंडोत्तोलन के साथ भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में परियोजना कर्मियों एवं उनके परिजनों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोग भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर परियोजना के कार्यकारी निदेशक सत्य रामाकृष्ण ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया, जबकि नोट्रे डेम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
समारोह के मुख्य अतिथि ने नवीन कुमार, कमांडेंट, सीआईएसएफ के साथ परेड का निरीक्षण किया तथा उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इसके बाद आकाश में तिरंगे रंग के गुब्बारे उड़ाए गए और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरित किए गए।
बाल भवन एवं नोट्रे डेम स्कूल के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया। वहीं, सीआईएसएफ के फायर विंग ने पानी की धार से तिरंगे की मनमोहक आकृति बनाकर समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। समारोह के बाद सर्विस बिल्डिंग, स्टेज-2 में प्रचालन एवं अनुरक्षण विभाग के मुख्य महाप्रबंधक हरेकृष्ण जेना द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट