लालू परिवार में विरासत का पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में हैं। तेज प्रताप की गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा के भाई और छात्र राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव ने एक पॉडकास्ट में दावा किया है कि तेजस्वी यादव नहीं चाहते थे कि तेज प्रताप यादव 2020 का विधानसभा चुनाव जीतें। उन्होंने जगदानंद सिंह को मोहरा बनाकर छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से उन्हें यानी आकाश यादव को हटवाया और इस तरह तेज प्रताप यादव को कमजोर किया। आकाश ने बताया कि तेज प्रताप को चुनाव जिताने में उनकी भूमिका के कारण ही उन्हें पद से हटाया गया था। इसके अलावा आकाश ने अपनी बहन अनुष्का और तेज प्रताप के रिलेशन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब कभी पहले उन्हें इन दोनों के बारे में पता चलता था तो वो असमंजस में रहते थे कि उन्हें विश्वास करना चाहिए या नहीं? लेकिन जब उन्हें सच्चाई पता चली तब उनको लगा कि तेज प्रताप यादव गलत कर रहे हैं।
अनुष्का और तेज प्रताप के रिश्ते पर बोले
अपनी बहन और तेज प्रताप के रिश्ते पर आकाश यादव ने कहा कि तेज प्रताप हमारे घर आए थे और घर से निकलते हुए उन्ंहोंने मीडिया में बयान भी दिया था। उस वक्त उन्होंने यह साफ कहा था कि हमारे ही परिवार के लोग हैं, और हमको कोई यहां आने से रोक सकता है क्या? आकाश यादव ने कहा कि अगर किसी और ने उनके आईडी से फोटो पोस्ट किया था तो उनको साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवानी चाहिए थी। यह तो सोचने-समझने वाली बात है कि क्या मामला है। आकाश यादव ने कहा कि तेज प्रताप ने जो कुछ भी किया उसकी वजह से हमें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आकाश यादव ने आगे कहा कि हम यह नहीं कह सकते कि तेज प्रताप यादव की ही सारी गलती है। गलती हमारे परिवार की भी है और हमलोग भुगत भी रहे हैं। लेकिन उधर आप भी गलती कर के बच नहीं सकते।
तेज प्रताप को हसनपुर से लड़ाने की नीति
आकाश यादव के मुताबिक 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान लालू प्रसाद यादव ने उन्हें रांची बुलाया था। वहां लालू यादव ने उनसे तेज प्रताप यादव की चुनावी जीत सुनिश्चित करने में मदद मांगी थी। उन्होंने बताया कि उस समय महुआ सीट से मुकेश यादव को टिकट देने की योजना थी। वहीं, तेज प्रताप मोहद्दीनगर से चुनाव लड़ना चाहते थे। बाद में उन्हें हसनपुर विधानसभा सीट से मैदान में उतारने की रणनीति बनी। आकाश का दावा है कि उन्होंने तेज प्रताप को जिताने के लिए पूरी ताकत लगा दी। इसके बाद तेज प्रताप हसनपुर सीट से अच्छे अंतर से चुनाव जीतकर पटना लौटे। हालांकि, आकाश के मुताबिक, इस जीत के बाद उन्हें पार्टी में सम्मान मिलने के बजाय खुद विरोध का सामना करना पड़ा।
जगदानंद को मोहरा बनाकर हटवाया गया
उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव नहीं चाहते थे कि तेज प्रताप विधानसभा चुनाव जीतें। आकाश ने दावा किया कि तेज प्रताप की जीत में उनकी भूमिका ही उनके खिलाफ कार्रवाई की वजह बनी। इसके बाद आकाश यादव ने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के साथ हुए विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जगदानंद सिंह ने मीडिया में बयान दिया था कि आकाश यादव कभी उनकी पार्टी का हिस्सा नहीं रहे। आकाश ने कहा कि अगर वह राजद में शामिल नहीं थे, तो पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी कैसे रहती थी? उन्हें चुनाव प्रचार में स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी क्यों दी जाती थी? जबकि जाति जनगणना से जुड़े प्रतिनिधिमंडल में भी उन्हें शामिल किया गया था। आकाश ने कहा कि तब तेजस्वी यादव और उनकी टीम को तेज प्रताप से आकाश की नजदीकी पसंद नहीं थी। उन्हें आशंका थी कि इस संबंध के कारण तेज प्रताप की राजनीतिक ताकत बढ़ सकती है। इसी वजह से जगदानंद सिंह को मोहरा बनाकर उन्हें छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया गया।