असम में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की तरफदारी करने के आरोप में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किये गए इन पाकिस्तान परस्त लोगों में एक विधायक भी शामिल है। असम
के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत में रहकर पाकिस्तान का बचाव करने के आरोप में राज्य में अब तक कम से कम 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि गिरफ्तारियों की यह संख्या कल रात तक की है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, “अब तक 27 देशद्रोही पकड़े गए हैं”।
यह भी जानकारी दी गई कि गिरफ्तार किए गए लोगों में विपक्षी दल ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के विधायक अमीन-उल-इस्लाम भी शामिल हैं। इसको लेकर विधायक अमीन उल इस्लाम पर पहलगाम हमले में पाकिस्तान और उसकी संलिप्तता का कथित रूप से बचाव करने के लिए राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने यह पहले ही कहा था कि यदि आवश्यक हुआ तो गिरफ्तार लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के प्रावधान भी लगाए जाएंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं है। दोनों देश दुश्मन देश हैं और हमें ऐसे ही रहना चाहिए।
असम पुलिस के डीजीपी हरमीत सिंह ने जानकारी दी है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए AIUDF विधायक अमीनुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस अमीनुल इस्लाम को नागांव पुलिस स्टेशन ले गई है। असम पुलिस के मुताबिक, विधायक अमीनुल इस्लाम की ओर से सार्वजनिक तौर पर दिया गया भ्रामक और भड़काऊ बयान वायरल हो गया था। इस बयान से प्रतिकूल स्थिति पैदा होने की संभावना थी। इस मामले में नागांव पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया और विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया।