पटना। भारतीय कॉमेडी फिल्म “वन टू चा चा चा” का भव्य प्रमोशनल कार्यक्रम 15 जनवरी को पटना के सिटी सेंटर मॉल में आयोजित किया गया। इस मौके पर फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रमोशन के दौरान फिल्म से जुड़े रोचक पहलुओं को साझा किया गया, जिससे दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ गई।
“वन टू चा चा चा” एक भारतीय कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन अभिषेक राज और रजनीश ठाकुर ने किया है। फिल्म में आशुतोष राणा, ललित प्रभाकर, अनंत विजय जोशी, नायरा बनर्जी, हर्ष मायर, मुकेश तिवारी, अशोक पाठक और चितरंजन गिरी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी बिहार के मोतिहारी में रहने वाले एक मध्यमवर्गीय परिवार से शुरू होती है, जहां बेटे की सगाई की तैयारियां जोरों पर होती हैं। इसी बीच परिवार के चाचा का अचानक शादी करने का फैसला पूरे घर की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर देता है। चाचा का मानसिक रूप से अस्थिर होना ही फिल्म की कहानी का केंद्रीय बिंदु है, जिसके इर्द-गिर्द हास्य और घटनाक्रम आगे बढ़ते हैं।
फिल्म में कॉमेडी, एक्शन और तीखे संवादों का भरपूर तड़का है, जो दर्शकों को हंसाने में सफल रहता है। खासतौर पर आशुतोष राणा का अभिनय फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया जा रहा है। उन्होंने चाचा के किरदार को केवल हास्य तक सीमित न रखते हुए उसमें गहराई और मानवीय संवेदनाएं भी जोड़ी हैं। गौरतलब है कि “वन टू चा चा चा” फिल्म 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पटना में हुए प्रमोशन के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
प्रभात रंजन शाही की रिपोर्ट