पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक बने सिक्स लेन पुल का नाम नीतीश सेतु होगा। पीएम नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह ऐलान अपने एक्स हैंडल पर करते हुए जानकारी दी कि राज्य के पूर्व सीएम नीतीश कुमार के सम्मान में कच्ची दरगाह-बिदुपुर ब्रिज का नाम अब ‘नीतीश सेतु’ कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान वैशाली में इसका उद्धाटन कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सरकार के इस फैसले से JDU गदगद है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने इसके लिए पीएम मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार प्रकट किया है।

सीएम सम्राट का ऐलान, JDU गदगद
सीएम सम्राट चौधरी ने X पर ट्वीट कर कहा-‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 नवंबर को बिहार आगमन हो रहा है। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसका नामकरण राज्य सरकार द्वारा ‘नीतीश सेतु’ किया गया है, राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही माननीय प्रधानमंत्री राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनोपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।’ इस पुल के चालू हो जाने से उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से पटना आने का समय काफी कम हो जाएगा और इससे लोगों को जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
किसने बनाया और क्या है खासियत ?
कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल 22.76 किमी. लंबा है और इसे 4988 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसे L&D और कोरियाई कंपनी देबू के ज्वाइंट वेंचर में मिलकर बनाया गया है। पुल के डिजाइन को भी कोरियाई कंपनी ने ही तैयार किया था। नीतीश सेतु की कुल लंबाई 22.76 किलोमीटर है, जिसमें 9.76 किलोमीटर का हिस्सा गंगा पर बनाया गया है। इसमें 13 किमी का एप्रोच रोड है और इसकी चौड़ाई 32 मीटर है। इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वाहन 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से इस ब्रिज पर फर्राटा भर सकेंगे। इस ब्रिज को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पर्थला ब्रिज की तर्ज पर बनाया गया है। बिहार के विकास में पूर्व सीएम नीतीश कुमार के योगदान को देखते हुए ही मौजूदा सरकार ने इसका नामकरण उनके नाम पर किया है।
