बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चूंकि प्रधानमंत्री समेत तमाम एनडीए शासित राज्यों के सीएम भी शपथ समारोह में आ रहे हैं, इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश ने खुद गांधी मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लिया। एनडीए की शानदार जीत के बाद नीतीश कुमार कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी के कल 12:30 बजे तक गांधी मैदान पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा कई एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह में शामिल होंगे। नई सरकार के शपथ के साथ ही नीतीश कुमार एक बार फिर इतिहास रचेंगे।
पटना के गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है। यह आयोजन कई मायनों में खास होगा क्योंकि नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। एक और खास बात यह कि साल 2010 के बाद पहली बार गांधी मैदान में मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो रहा है। नीतीश कुमार के साथ 20 अन्य मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। शपथ समारोह को भव्य बनाने के लिए मैदान में तैयारियां जोरों पर हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विपक्षी दलों को भी आमंत्रण भेजा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम नीतीश कुमार की सर्वसमावेशी राजनीति का संकेत है।
गांधी मैदान में होने वाला यह शपथ ग्रहण समारोह न केवल बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ेगा, बल्कि नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक सफर का एक और ऐतिहासिक पड़ाव साबित होगा। सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में बीजेपी और जेडीयू समेत तमाम सहयोगी दलों के बड़े नेताओं को जगह मिलने की संभावना है। बीजेपी कोटे से जिन नामों पर चर्चा है उनमें सम्राट चौधरी, नितिन नवीन, विजय कुमार सिन्हा और नीतीश मिश्रा शामिल हैं। वहीं जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव और श्रवण कुमार जैसे दिग्गजों को मंत्री पद मिल सकता है। भाजपा को स्पीकर पद और दो डिप्टी सीएम पद दिये जाने की भी चर्चा है।