पटना : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे और राज्यसभा जाने के फैसले पर अब उनके परिवार की प्रतिक्रिया सामने आई है। नीतीश कुमार की बड़ी बहन उषा देवी ने दिल की बात मीडिया से साझा करते हुए कहा है कि उनके भाई (नीतीश कुमार) को अभी कम से कम 5 साल और बिहार का मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, क्योंकि राज्य को अभी भी उनकी सख्त जरूरत थी। वहीँ, उन्होंने भतीजे मंत्री निशांत कुमार की शादी के बारे में भी खुलकर बात की।
उषा देवी ने बताया कि जिस दिन नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, उस दिन वह घर पर आशीर्वाद लेने आए थे। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों को उनके इस फैसले की पूर्व जानकारी नहीं थी और बाद में टीवी व खबरों के माध्यम से ही इस्तीफे का पता चला। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अगर किसी का भाई इतने लंबे समय तक जिम्मेदारी संभालने के बाद दिल्ली चला जाए, तो परिवार को उसकी कमी और दुख महसूस होना स्वाभाविक है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर उषा देवी ने कहा कि क्षेत्र में विकास के काम साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में ही मतदान करेगी। चुनाव प्रचार का जिक्र करते हुए उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके इलाके में सिर्फ भाजपा नेताओं की ही सक्रियता और मेहनत दिखाई दी, जबकि अन्य विपक्षी दलों के नेता कहीं नजर नहीं आए।
वहीँ, पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे मंत्री निशांत कुमार के बारे में बात करते हुए उषा देवी ने कहा कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि जब भी निशांत घर आते हैं, तो उनसे मिलने वालों की इतनी भीड़ जुट जाती है कि पूरा घर भर जाता है। वहीं, निशांत की शादी के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवार के लोग लगातार उन पर शादी के लिए दबाव बनाते रहते हैं और वह शादी जरूर करेंगे।