पटना/बेलछी : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद Nitish Kumar बुधवार को पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी प्रखंड के चौधराइनचक गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जद(यू) किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार के पिता स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह के ब्रह्मभोज एवं श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। इस अवसर पर नीतीश कुमार ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोक-संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में बाढ़ विधानसभा के निवर्तमान विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ‘ज्ञानू’ ने भी स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
सभा में भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह सहित अनेक राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं। वहीं जन सुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी महेश प्रसाद सिंह, बेलछी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि बृजेश कुमार सिंह, राजद नेता मिथिलेश कुमार यादव उर्फ मिथ्थे भैया तथा जद(यू) नेता कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा एवं शोक से ओत-प्रोत रहा, जहां उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट