सीएम पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने उनके सरकारी आवास 5 देशरत्न मार्ग पहुंचे। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद नीतीश पहली बार नए सीएम सम्राट चौधरी के आवास गए थे। इस दौरान नीतीश कुमार के साथ राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। तीनों नेताओं के बीच बंद कमरे में करीब 20 मिनट तक बात हुई। सम्राट चौधरी ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। मुलाकात की जो तस्वीरें सामने आईं हैं, उसमें नीतीश कुमार समेत तीनों नेता मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। नीतीश कुमार ने इस मुलाकात में भी एक बार फिर से सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा। सम्राट चौधरी ने भी दोनों हाथ जोड़ झुककर उन्हें नमन किया। मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी जारी की गईं हैं।
बिहार में नई सरकार बनने के बाद यह पहला मौका है जब नीतीश कुमार नवनियुक्त मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री से मुलाकात करने गए। नीतीश कुमार ने तीनों नेताओं ने बधाई दी और कहा कि अच्छे से काम करते रहिए आपलोग। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, सरकार के कामकाज और आने वाले समय की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब बिहार की राजनीति में लगातार बदलाव और समीकरणों की चर्चा हो रही है। दरअसल, बिहार में सम्राट चौधरी की असली परीक्षा अब इस बात में होगी कि वह नीतीश कुमार के ‘अनुभव’ को भाजपा के ‘युवा विजन’ के साथ कैसे जोड़ते हैं।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर सबसे सकारात्मक रुख नीतीश कुमार का ही दिखा है। उन्होंने सम्राट को एक अनुभवी और सुलझा हुआ नेता करार दिया। नीतीश कुमार ने यह उम्मीद भी जताई कि उनके द्वारा शुरू किए गए ‘7 निश्चय’ और विकास के अन्य कार्यों को सम्राट चौधरी और भी तेजी से आगे बढ़ाएंगे। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की नई सरकार को अपना पूरा मार्गदर्शन देने की बात कही है, जो दिखाता है कि सत्ता का यह बदलाव पूरी तरह तालमेल से हुआ है।