बिहार में कल शपथ लेने वाली नई नीतीश सरकार के मंत्रियों के विभागों बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच करीब आधे घंटे की बैठक के बाद बिहार मंत्रिमंडल के पूरे विभागों के बंटवारे की सूची राज्यपाल को सौंप दी गयी है। नीतीश कुमार कैबिनेट में भाजपा के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को गृह मंत्री बनाया गया है। जबकि दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को भूमि एवं राजस्व तथा खान एवं भूतत्व मंत्रालय की जिम्मेवारी दी गई है। वहीं अन्य मंत्रियों के बीच भी विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मंत्रियों के विभाग बंटवारे के बाद अब कैबिनेट की बैठक बुलाई जाएगी।
बिहार की नई कैबिनेट में मंत्रियों के बीच मंत्रालयों के बंटवारे में वरिष्ठ मंत्रियों के अनुभव और क्षेत्रीय व जातीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है। कई मंत्रालय पुराने चेहरों के पास ही रखा गया है। वहीं एक बार फिर सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बिहार के डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभालेंगे। मंत्रियों की लिस्ट के मुताबिक विजय कुमार चौधरी जल संसाधन तथा भवन मंत्री, दिलीप जायसवाल उद्योग मंत्री, श्रवण कुमार ग्रामीण विकास कार्य एवं परिवहन मंत्री, अशोक चौधरी ग्रामीण कार्य मंत्री, विजेंद्र यादव ऊर्जा मंत्री, मंगल पांडेय स्वास्थ्य एवं विधि विभाग के मंत्री, लेशी सिंह खाद्य उपभोक्ता मंत्री, नितिन नवीन पथ निर्माण तथा नगर विकास और आवास विभाग के मंत्री, मदन सहनी समाज कल्याण मंत्री, सुनील कुमार शिक्षा मंत्री, रामकृपाल यादव कृषि मंत्री, जमा खान अल्पसंख्यक मंत्री, संजय टाइगर श्रम संसाधन मंत्री, अरुण शंकर प्रसाद पर्यटन एवं कला संस्कृति मंत्री, रमा निषाद पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा कल्याण विभाग, सुरेन्द्र मेहता पशु एवं मतस्य विभाग, नारायण प्रसाद आपदा प्रबंधन, लखेन्द्र पासवान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री, श्रेयसी सिंह सूचना, खेल मंत्री बनाए गए हैं।