बिहार सरकार की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को Z श्रेणी की सिक्योरिटी दी गई है। वहीं दूसरी तरफ पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की सुरक्षा को घटा दिया गया है। उन्हें पहले मिली Z+ श्रेणी की सुरक्षा को घटाकर मात्र Z कर दिया गया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री और नीतीश के करीबी जदयू नेता श्रवण कुमार को एस्कॉर्ट के साथ अब Y+ स्तर की सुरक्षा मिली है। जबकि सीएम पद से हटने के बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अब देश भर में Z+ सिक्योरिटी प्रदान की गई है। निशांत कुमार ने हाल ही में अपनी नई सियासी एंट्री ली है और बतौर जदयू नेता वे बहुत जल्द पूरे बिहार के दौरे पर निकलने वाले हैं।
निशांत कुमार को नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने कोई पद स्वीकार नहीं किया। हाल के दिनों में जदयू पार्टी की गतिविधियों में भी काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि वे संगठन को मजबूत करने और गठबंधन को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेंगे। पूर्व सीएम के पुत्र होने के नाते और अब सक्रिय राजनीति में उतरने के कारण उनकी सुरक्षा को अपग्रेड स्तर पर किया गया है। निशांत अब कुल 22 सिक्योरिटी गार्ड से घिरे रहेंगे। उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा मिलने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। अब उनकी सुरक्षा में 4-5 NSG कमांडो सहित कुल करीब 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें दिल्ली पुलिस, ITBP या CRPF के जवानों के साथ स्थानीय पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे।
इधर जानकारी मिली है कि पूर्व डिप्टी सीएम रहे भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा घटा दी गई है। Z+ से घटाकर उनकी सिक्योरिटी अब मात्र Z स्तर की कर दी गई है। इसके अलावा नीतीश कुमार सरकार में मंत्री रहे जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। बिहार की नई सम्राट चौधरी सरकार ने उन्हें अब एस्कॉर्ट पार्टी के साथ ही Y+ स्तर की सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। बिहार के गृह विभाग ने इन सभी नेताओं की सुरक्षा में बदलाव करने के लिए बिहार के डीजीपी और विशेष शाखा के डीजी को पत्र लिखा है। विदित हो कि कल ही नई सम्राट चौधरी सरकार में डिप्टी सीएम बनाए गए जदयू के दो नेताओं—विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को बढ़ी हुई सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। दोनों नए डिप्टी सीएम को Z स्तर की सुरक्षा प्रदान की गई है।