इसी साल जून माह में झारखंड की राजधानी रांची स्थित RSS कार्यालय पर हुए बम हमले के सिलसिले में आज बुधवार को पटना में NIA की टीम ने दो फ्लैटों में छापा मारा। आज सुबह जांच एजेंसी की टीम चित्रगुप्त नगर इलाके के साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट पहुंची। यहां दो फ्लैट 1206 और 609 पर टीम ने दबिश दी। जानकारी के अनुसार यह दोनों फ्लैट संदीप नाम से लिया गया है। बताया जाता है कि इस केस की जांच के दौरान एनआईए ने दिल्ली से एक आरोपी को अरेस्ट किया और उसकी ही निशानदेही पर NIA की टीम पटना पहुंची है। पटना सदर के SDPO ने बताया कि रांची में RSS दफ्तर पर हमला वाले मामले में NIA को कुछ इनपुट मिली, जिसके आधार पर पटना कि चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित संदीप के दो फ्लैटों में तलाशी ली गई।
विदित हो कि दो दिन पहले भी चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में इसी साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में NIA ने छापेमारी की थी जिस दौरान मोतिहारी के एक कारोबारी से 20 लाख कैश बरामद हुआ था। उसी क्रम में NIA की टीम ने आतंकी गतिविधियों में शामिल एक युवक को भी पकड़ा था। सूत्रों के अनुसार इसी युवक से पूछताछ में एनआईए को कुछ और सुराग हाथ लगे हैं जिसके बाद आगे कार्रवाई की जा रही है। मालूम हो कि इस साल 16 जून को रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमले की कोशिश की गई थी। पुलिस के अनुसार दो अज्ञात युवकों ने सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय परिसर में फेंकने की कोशिश।की, लेकिन दोनों बोतलें बाउंड्री के बाहर ही गिर गईं। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। कार्यालय को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।