बिहार में कल मंगलवार को नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। मंगलवार 14 तारीख को सुबह 11 बजे नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। ठीक उसके बाद पटना में भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार बीजेपी के बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इसी भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के नए नेता यानी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे। बिहार में जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वार सीएम पद छोड़ने के बाद राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री बनना है। भाजपा के नेता को ही एनडीए विधायक दल का भी नेता चुना जाएगा, जिसके बाद सरकार बनाने का दावा पेश होगा। बताया जाता है कि बिहार में भाजपा के नेतृत्व में बन रही पहली एनडीए सरकार 15 अप्रैल को शपथ लेगी। एनडीए ने अपने सभी विधायकों और विधान पार्षदों को 14 और 15 अप्रैल को पटना में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार एनडीए के करीब 202 विधायक और 45 विधान पार्षदों को राजधानी में ही रहने को कहा गया है ताकि नेतृत्व परिवर्तन और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
इधर इस जिम्मेदारी के मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि- ‘मैं तो महज एक कार्यकर्ता हूं और एक कार्यकर्ता हाने के नाते जो भी काम मिलता है, उसे पूरी ईमानदारी और प्रमाणिकता के साथ करना मेरा कर्तव्य है। जो भी दायित्व पार्टी देती है मैं उसे पूर्ण करता हूं। मैं 14 तारीख को बिहार जाऊंगा’। बिहार में इस बार मुख्यमंत्री भाजपा की ओर से बनाया जाना है। अभी सीएम के चेहरे की रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी दिख रहे हैं। उनके अलावा नित्यानंद राय, रेणु देवी और अन्य लोगों के नाम भी फहरिस्त में शुमार हैं। इसी सबके बीच अब कहा जा रहा कि कल मंगलवार को किसी एक नाम पर मुहर लग जाएगी। उधर पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गईं हैं। आज सोमवार को पटना डीएम बिहार लोक भवन पहुंचे जहां उन्होंने शपथ समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। नए सीएम का शपथ कार्यक्रम आगामी 15 तारीख को होने वाला है।
मालूम हो कि पांच महीने पहले हुए बिहार विधानसभा चुनाव के फौरन बाद भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव कराने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को पर्यवेक्षक बनाया गया था। अभी भाजपा के विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उप-नेता विजय कुमार सिन्हा हैं। नीतीश कैबिनेट में दोनों डिप्टी सीएम हैं, जिसकी आखिरी बैठक 14 अप्रैल को होगी। कैबिनेट के बाद एनडीए के मौजूदा नेता नीतीश त्यागपत्र देने राजभवन जाएंगे और अगली सरकार के गठन को औपचारिक रास्ता देंगे। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर कहा कि- कल पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंचेंगे। उनके पर्यवेक्षण में ही भाजपा विधायक दल के नेता का चयन होगा जिसके बाद तय होगा कि नए सीएम की कैबिनेट में कौन-कौन रहने वाला है।