नवादा : जिले के हसुआ में पौराणिक तमसा नदी घाट तक अब पक्की सड़क बनाने की तैयारी है। नगर पर्षद की सामान्य बोर्ड की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया। इसके तहत हसुआ-गया एनएच से तमसा नदी घाट तक पीसीसी ढलाई कर मुख्य सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे शहर के लोगों को घाट तक पहुंचने में सुविधा होगी। तमसा नदी घाट पर हर साल छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा यहां तमसा महोत्सव का भी आयोजन होता है।

घाट तक बेहतर सड़क नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क बनने से श्रद्धालु वाहन और पैदल दोनों माध्यमों से आसानी से घाट तक पहुंच सकेंगे। हसुआ के तमसा नदी घाट पर बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग लंबे समय से उठती रही है। स्थानीय लोग घाट निर्माण, शेड, बिजली और शवदाह गृह जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करते रहे हैं। हालांकि, इन मांगों पर अब तक अपेक्षित काम नहीं हो सका है। सड़क निर्माण के प्रस्ताव से लोगों में घाट के विकास की उम्मीद जगी है।
नगर पर्षद की बैठक में नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर भी जानकारी दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर पर्षद कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बैठक में घर निर्माण से संबंधित ऑनलाइन सुविधा शुरू करने की भी जानकारी दी गयी। इसके तहत लोग मकान का नक्शा ऑनलाइन बनवा सकेंगे और निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। यह सुविधा नववर्ष यानी कि पहली जनवरी से उपलब्ध कराने की बात कही गयी है।
नगर पर्षद की सामान्य बोर्ड की बैठक मुख्य पार्षद पूजा कुमारी की अध्यक्षता में हुई. बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी अतीश रंजन ने किया। बैठक में विधायक अनिल सिंह के अलावा वार्ड पार्षद शंभु शर्मा, मनोज कुमार, पंकज सिंह, सुनीता कुमारी, प्रियंका कुमारी, सोनी कुमारी, सुधीर सिंह और उदय बाला सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।

तमसा नदी घाट तक पक्की सड़क बनाने का प्रस्ताव पारित होने से स्थानीय लोगों को राहत की उम्मीद है। हालांकि, प्रस्ताव पारित होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने और उसे समय पर पूरा कराने की चुनौती होगी। सड़क बनने से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ श्मशान घाट जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सकती है। अब लोगों की नजर नगर पर्षद की ओर से आगे की प्रक्रिया और निर्माण कार्य शुरू होने पर है।
भईया जी की रिपोर्ट

