नवादा : फर्जी प्रमाण पत्रों पर बहाल शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय जांचों को अबतक भले ही अधिकारियों ने दबा रखा हो लेकिन अब जिले के नागरिक चुप बैठने वाले नहीं हैं। नागरिकों ने सूचना के अधिकार का इस्तेमाल करना आरंभ कर दिया है। फिर दस्तावेज उपलब्ध कराने में आनाकानी हुई तो उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाना लगभग तय माना रहा है। फिलहाल इसकी शुरुआत मेसकौर प्रखंड क्षेत्र के एक विद्यालय में कार्यरत प्रभारी प्रधानाध्यापक से की गयी है। फर्जी प्रमाणपत्र पर बहाल प्रभारी प्रधानाध्यापक मेसकौर प्रखंड पूर्व प्रमुख के भाई बताते गये हैं। बहाली भी उनके साथ ही कार्यकाल में होने की बातें बतायी जा रही है।
रजौली प्रखंड बंधन छपरा निवासी नलीनीकांत पाण्डेय ने सूचना के अधिकार के तहत मेसकौर प्रखंड पूर्व प्रमुख के भाई रामाशीष कुमार पिता स्व परशुराम चौहान जो सम्प्रति बांधी पंचायत के बड़ोसर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में फिलहाल अधिकारियों की मिलीभगत से प्रभारी प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत हैं बहाली से संबंधित सम्पूर्ण शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों की सत्यापित छायाप्रति की मांग बीईओ से की है। ऐसे में अब उपलब्ध कराये जाने वाले दस्तावेजो़ं का इंतजार हर किसी को है।
भईया जी की रिपोर्ट
