नवादा : लोक आस्था का महापर्व छठ केवल घरों और घाटों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसकी आस्था की अनुपम छटा मंडल कारा के भीतर भी देखने को मिली। जेल की चाहरदीवारी के बीच महिला बंदियों ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठ महापर्व का व्रत किया। इस दौरान जेल परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
महिला बंदियों ने छठ के पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए भगवान सूर्य की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस पावन अवसर पर जेल कर्मियों ने भी व्रतियों का पूरा सहयोग किया और महापर्व के आयोजन में अपनी भागीदारी निभाई।
जेल की सलाखों के पीछे छठ व्रत करती महिलाओं की तस्वीर ने यह संदेश दिया कि आस्था और विश्वास किसी सीमा या परिस्थिति के मोहताज नहीं रहती। छठ महापर्व ने एक बार फिर सामाजिक समरसता, त्याग, तपस्या और अटूट विश्वास का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
भईया जी की रिपोर्ट
