नवादा : जिले के पकरीबरावां में जिस घर में छठ महापर्व की तैयारियां होनी थीं और खुशियों के गीत गूंजने थे, वहां शुक्रवार को एक साथ तीन शव पहुंचते ही मातम पसर गया। मुंबई से छठ मनाने गांव लौट रहे परिवार की खुशियां रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे ने छीन ली। सलेमपुर गांव में राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और ससुर भगवानदास का शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपनों को खोने का दर्द देख वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रामकिशुन चौहान के पुत्र राजकुमार चौहान पिछले 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ मुंबई में रह रहे थे। हर साल की तरह इस बार भी वह पत्नी किरण देवी और बच्चों के साथ छठ महापर्व मनाने गांव लौट रहे थे। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में परिवार हादसे का शिकार हो गया।
औरंगाबाद जिले के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप उनकी स्कॉर्पियो की ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और ससुर भगवानदास की घटनास्थल पर मौत हो गई। पत्नी किरण देवी, 12 वर्षीय बेटे राकेश कुमार और साला नीतीश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हर साल छठ के मौके पर गांव आने वाला राजकुमार का परिवार इस बार कभी नहीं भूलने वाला दर्द दे गया। जिस घर में पर्व की तैयारियां चलनी थीं, वहां तीन लोगों की मौत के बाद मातम छाया हुआ है। शव पहुंचते ही परिजन बदहवास होकर रोने लगे। ग्रामीणों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी।

घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। बताया गया कि घर में चूल्हा तक नहीं जला। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए गहरा सदमा है। छठ महापर्व पर अपनों के साथ खुशियां बांटने निकला राजकुमार का परिवार हादसे के साथ बिखर गया। गांव का हर व्यक्ति इस दुखद घटना से मर्माहत हैं।
भईया जी की रिपोर्ट

