नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र के ग्राम भड़रा में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु 220.745 एकड़ भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित किया गया। बिहार के मख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा के दौरान जिले के रजौली प्रखंड अंतर्गत ग्राम भड़रा में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की घोषणा की गई थी। उक्त घोषणा के अनुपालन में डीएम रवि प्रकाश के निर्देशन में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना एवं विकास हेतु कुल 220.745 एकड़ भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित की गई है। इसमें 139.395 एकड़ निजी भूमि का अधिग्रहण कर उसका दखल-कब्जा संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है।
वहीं, शेष 81.35 एकड़ सरकारी भूमि भी पूर्व में ही हस्तांतरित की जा चुकी है। इस प्रकार औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु कुल 220.745 एकड़ भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित की गई है। निजी भूमि अधिग्रहण के तहत कुल 249 रैयतों को मुआवजा भुगतान किया जाना है, जिसके विरुद्ध अब तक लगभग 6 करोड़ 25 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष मुआवजा राशि के भुगतान की प्रक्रिया नियमानुसार जारी है। उद्योग विभाग द्वारा BIADA के माध्यम से इस भूमि का विकास कर औद्योगिक इकाइयों को आबंटित किया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र के विकास से नवादा जिले में नए उद्योगों की स्थापना एवं निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
भईया जी की रिपोर्ट