-उत्कृष्ट कृषि उत्पादों एवं नवाचारों के लिए किसानों को किया गया पुरस्कृत
नवादा : जिला कृषि प्रक्षेत्र (शोभिया) के प्रांगण में आत्मा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का दूसरे एवं अंतिम दिन समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृषि एवं संबद्ध विभागों के पदाधिकारियों द्वारा मेले में आए किसानों को कृषक हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, उनके लाभ तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उप परियोजना निदेशक, आत्मा द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री तथा कृषि विभाग की अन्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने किसानों को इन प्रक्रियाओंं की जानकारी रखते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिला कृषि पदाधिकारी ने मेले में उपस्थित कृषि विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा पात्र लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर मेले में आए प्रगतिशील किसानों ने भी अपने कृषि अनुभवों, नवाचारों एवं सफल खेती के तरीकों को साझा किया। इससे अन्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने की प्रेरणा मिली।
उत्कृष्ट कृषि उत्पादों के लिए किसानों को किया गया सम्मानित
किसान मेला-सह-प्रदर्शनी में उत्कृष्ट कृषि उत्पादों एवं नवाचारों के प्रदर्शन के आधार पर चयनित किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रथम पुरस्कार:- प्रखंड सिरदला के किसान श्री चन्द्रिका प्रसाद को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मिलेट्स, टनकुप्पा, गया के सहयोग से उत्पादित उन्नत मोटे अनाज (मिलेट्स), यथा ज्वार, बाजरा, सांवा, रागी, कुटकी एवं कंगनी की उत्कृष्ट प्रदर्शनी एवं उत्पादन के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
द्वितीय पुरस्कार:- इस श्रेणी में दो किसानों को चयनित किया गया। इनमें प्रखंड पकरीबरावाँ के किसान श्री मेवालाल कुमार को जैविक विधि से सब्जियों की विपणन आधारित श्रेणीकरण खेती तथा प्रखंड नरहट की किसान श्रीमती सिंकू देवी को ग्राफ्टिंग विधि से सब्जी की नर्सरी तैयार करने के लिए द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
तृतीय पुरस्कार:– इस श्रेणी में भी दो किसानों को सम्मानित किया गया। प्रखंड नवादा के किसान श्री बिरेश कुमार को ईख की उन्नत खेती, मसाला उत्पादन एवं जैविक सब्जी की खेती के लिए तथा प्रखंड नवादा की किसान श्रीमती गायत्री देवी को काला नमक धान प्रभेद की खेती के लिए तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त जिले के अन्य 09 प्रखंडों से आए किसानों को उनके विशिष्ट कृषि उत्पादों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शनी के लिए सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस दो दिवसीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना, कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना, उन्नत कृषि उत्पादों को बढ़ावा देना तथा किसानों को विभागीय योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराना रहा। समापन कार्यक्रम में कृषि विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी, कृषि प्रसार कर्मी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट