नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत धमौल बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े छिनतई की घटना हुई। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा से 40 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही युवती से एक युवक ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा थैला छीन लिया। हालांकि, घटनास्थल के पास गश्त कर रही धमौल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को पीछा कर पकड़ लिया। उसके पास से 26 हजार रुपये और युवती का आधार कार्ड बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पड़रिया निवासी मो0 जाकिर हुसैन की पुत्री नुसरत जहां धमौल बाजार स्थित पीएनबी शाखा से 40 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थी। इसी दौरान बैंक से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक युवक ने अचानक उसके हाथ से रुपयों से भरा थैला छीन लिया। थैले में नकदी के अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और आधार कार्ड भी रखा हुआ था।
थैला छीनकर भाग रहे युवक को देखकर युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। इसी बीच गश्त कर रही धमौल पुलिस ने भाग रहे युवक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान धमौल बाजार के बढ़ई मोहल्ला निवासी मो. मुन्ना अंसारी के पुत्र मो. फरहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 26 हजार रुपये और युवती का आधार कार्ड बरामद किया है।
धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में पीड़िता की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। आरोपित के पास से 26 हजार रुपये और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। धमौल बाजार में बैंक से रुपये निकालकर लौट रही युवती के साथ हुई इस घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की सक्रियता से आरोपित को पकड़ लिया गया। अब मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।

भईया जी की रिपोर्ट
