नवादा : जब्त ट्रक को छोड़ने के एवज में सात हजार रुपये घूस लेने के आरोप में जिले के रजौली थाना के मालखाना प्रभारी सबइंस्पेक्टर विरेंद्र कुमार पासवान को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित दारोगा को एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि रोह थाना क्षेत्र के रतोई गांव निवासी महेंद्र सिंह के पुत्र धनंजय सिंह ने जब्त ट्रक छोड़ने के आरोप में रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत मगध क्षेत्र के आईजी से की गई थी। मामला 01 अक्टूबर 2026 का है। बताया जाता है कि कोर्ट के आदेश पर ट्रक मालिक के पिता ट्रक छुड़ाने रजौली थाने गये थे।

आरोप है कि वहां कथित रूप से रजौली पुलिस के एक स्टाफ ने उनसे ट्रक रिलीज करने के एवज में 10 हजार रुपये मांगे। बात 07 हजार पर बनी। ट्रक ऑनर के भाई द्वारा उक्त रुपये का भुगतान कथित रूप से उक्त पुलिस स्टाफ के कहने पर किसी और व्यक्ति को यूपीआई से किया गया। कथित संबंधित वीडियो व यूपीआई भुगतान का स्क्रीन शॉट संलग्न कर इस मामले में पीड़ित धनंजय कुमार ने मगध रेंज के आईजी को आवेदन देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। उक्त खबर को ” भैया जी” ने प्रमुखता दी थी।
एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह रजौली एसडीपीओ ने आरोपों के बाबत शिकायत की जांच की थी। जांच के क्रम में रजौली थाना के मालखाना प्रभारी पुअनि विरेंद्र कुमार पासवान का आचरण और क्रियाकलाप संदिग्ध पाया गया।जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने मालखाना प्रभारी को निलंबित कर दिया ।
07 फरवरी की रात जब्त हुआ था ट्रक
रजौली एसडीएम व खनन पदाधिकारी की संयुक्त छापेमारी में गिट्टी लदे 16 ट्रकों को अवैध खनन व परिवहन के आरोप में 07 फरवरी 2026 की रात बिहार-झारखंड की सीमा पर रजौली से जब्त किया गया था जिसमें उक्त ट्रक भी शामिल था। हाईकोर्ट में दायर रिट पर 28 अगस्त को उक्त ट्रक पर 09 लाख 27 हजार 819 रुपये जुर्माना तय किया गया। 01 लाख 27 हजार 819 रुपये की पहली किश्त पर ट्रक छोड़ने का आदेश दिया गया था। रुपये जमा करने पर ट्रक ऑनर के पिता ट्रक रिलीज कराने थाने गये थे।

भईया जी की रिपोर्ट
