नवादा : इफको (IFFCO) के तत्वावधान में संयुक्त कृषि भवन सभागार में उर्वरक बिक्री केंद्र प्रभारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने तथा नैनो एवं वैकल्पिक उर्वरकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसमें जिले के पैक्स अध्यक्षों, बिस्कोमान केंद्र प्रभारियों, आईएफएफडीसी संचालकों, एसएफए एवं ड्रोन उद्यमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी अजीत प्रकाश ने नैनो उर्वरकों के उपयोग एवं रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरकों का विवेकपूर्ण उपयोग मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, खेती की लागत नियंत्रित करने तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. रविकांत चौबे ने नैनो उर्वरकों के लाभ एवं उनके उचित उपयोग की जानकारी दी।
वहीं, इफको, बिहार के प्रबंधक दिलीप कुमार ने उर्वरकों के प्रयोग की सही विधि तथा ड्रोन के माध्यम से फसलों पर छिड़काव की तकनीक के बारे में बताया। इफको किसान के वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक कुमार ने इफको किसान फाइनेंस की सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। इफको किसान, बिहार के अमितेश कुमार तथा इफको के क्षेत्रीय अधिकारी शिशिर कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे। शिशिर कुमार सिंह ने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, उनके संतुलित उपयोग तथा नैनो एवं वैकल्पिक उर्वरकों को अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान उर्वरक बिक्री केंद्र प्रभारियों को निर्धारित समय पर उर्वरकों का उठाव सुनिश्चित करने तथा पीओएस (POS) मशीन के माध्यम से नियमित रूप से बिक्री करने का निर्देश दिया, ताकि उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी अजीत प्रकाश, डॉ. रविकांत चौबे, दिलीप कुमार, अभिषेक कुमार, अमितेश कुमार, प्रशांत कुमार (एडी), शिशिर कुमार सिंह, बिस्कोमान के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधि तथा जिले के पैक्स अध्यक्ष, बिस्कोमान केंद्र प्रभारी, आईएफएफडीसी संचालक, एसएफए एवं ड्रोन उद्यमी उपस्थित रहे।

भईया जी की रिपोर्ट
