नवादा : दुर्गा पूजा (दशहरा)-2026 के अवसर पर जिले में शांति, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजनों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक, श्री अभिनव धीमान के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर इंदिरा चौक, सोनारपट्टी रोड एवं अंसार नगर होते हुए मस्तानगंज तक पैदल निकाला गया। इसके पश्चात मस्तानगंज से सद्भावना चौक होते हुए विद्युत कार्यालय तक फ्लैग मार्च किया गया।

फ्लैग मार्च के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों का अवलोकन किया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजनों के बीच सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करने के साथ-साथ शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
वहीं, असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि विधि-व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भईया जी की रिपोर्ट

