नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले गुरुपर्व मेले का शुभारंभ शनिवार, 3 अक्टूबर को जिउतिया के पारण के साथ हो गया। संगत रोड स्थित प्रोजेक्ट विद्यालय के सामने मैदान में आयोजित यह मेला आठ दिनों तक चलेगा। मेला शुरू होते ही पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है। सैकड़ों वर्षों की परंपरा से जुड़ा यह मेला रजौली की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। पहले दिन से ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के संगत परिसर में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, कीर्तन-भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। संगत परिसर में विशेष लंगर की व्यवस्था की गयी है, जिसका नेतृत्व महंत भोला बक्स दास कर रहे हैं। यहां श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक मेलजोल का भी माहौल देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु एक साथ बैठकर भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे हैं।
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल, आधुनिक झूले, खिलौने और मनोरंजन के अन्य साधन लगाए गये हैं। मेले में खरीदारी और मनोरंजन के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। वहीं, आम लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मेला क्षेत्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। लोगों का कहना है कि कुछ नवयुवक मेला क्षेत्र से बाहर निकलने के बाद झगड़ा और हंगामा करते नजर आते हैं, जिससे आवागमन करने वाली महिलाओं और लड़कियों को परेशानी होती है।
मेले में उमड़ने वाली भीड़ और विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने चार चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। संगत के पास बीपीआरओ हरिमोहन कुमार, संगत द्वार के पास बीडब्लूओ विपुल कुमार, मेला क्षेत्र में नगर पंचायत के लोक स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार और मेला परिसर में बीएओ रौशन कुमार की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

थानाध्यक्ष रणजीत कुमार को दिये गये आदेश के आलोक में दंडाधिकारियों के साथ सशस्त्र पुलिस बल, लाठी बल और महिला पुलिस बल की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गयी है। अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी और थानाध्यक्ष रणजीत कुमार स्वयं भ्रमणशील रहकर मेला परिसर का निरीक्षण और पर्यवेक्षण कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बता दें जिले के रजौली व अमांवा के साथ अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय बाजार नानकशाही संगत में प्रतिवर्ष गुरु पर्व का आयोजन किया जाता है जिसमें रजौली गुरु पर्व मेले का खास महत्व है।
भईया जी की रिपोर्ट

