नवादा : नगर र में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की मांग को ले केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ की ओर से एकदिवसीय धरना दिया गया। संघ के सदस्यों ने नया रेलवे स्टेशन फाटक के पास सड़क के पूर्वी हिस्से में धरना देकर शहर की यातायात व्यवस्था और रेलवे फाटकों पर रोजाना लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। संघ ने शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग की है।
इनमें तीन नंबर बस स्टैंड से हॉस्पिटल रोड हाट तक ओवरब्रिज का शीघ्र निर्माण, दो नंबर गुमटी के पास रेलवे ओवरब्रिज और नवादा बुंदेलखंड के पास आरओबी का निर्माण शामिल है। संघ का कहना है कि इन स्थानों पर ओवरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होगी और शहर में जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। रेलयात्री संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज के अभाव में शहरवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे फाटक बंद होने के कारण कई बार सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है इसका असर स्कूली बच्चों, मरीजों, डॉक्टरों, शिक्षकों और आम लोगों की आवाजाही पर पड़ता है। संजय सिंह ने कहा कि कई बार मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है। प्रशासनिक अधिकारियों और अग्निशमन विभाग के वाहनों को भी आपात स्थिति में घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में शहर में रेलवे फाटकों के विकल्प के रूप में आरओबी का निर्माण जरूरी है।
धरना के दौरान संघ ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर मुख्य सड़क से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए स्पष्ट एरो का चिन्ह लगाने की भी मांग की। संघ का कहना है कि इससे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को प्रवेश और आवागमन की दिशा समझने में सुविधा होगी। रेल यात्री संघ ने रेलवे और जिला प्रशासन से तीनों प्रस्तावित स्थानों पर आरओबी निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की। धरना स्थल पर कृष्ण चौधरी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट