नवादा : बिहार सरकार की अभिनव पहल के तहत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार आज दिनांक जिले के सभी पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया गया। इस माह की ग्राम सभा की थीम “आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा पंचायत” निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर जिले के सभी पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक प्रयासों से समाज में आए सकारात्मक बदलावों के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। साथ ही, सुशासन, सामाजिक सुरक्षा एवं सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान सभी पंचायतों के मुखिया द्वारा पंचायत में अब तक संपादित विकास कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही पंचायत में संचालित विकास योजनाओं, आगामी कार्ययोजना तथा जनहित से जुड़े प्रस्तावित कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों एवं ग्राम सभा के सदस्यों को दी गई।
इस अवसर पर जिले के सभी पंचायतों में आयोजित “पंचायत विकास दिवस” कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक लाइव प्रसारण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक सुना। “पंचायत विकास दिवस” के माध्यम से ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देने, पंचायतों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं सुझावों के आधार पर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट