नवादा : मगध क्षेत्र, गया के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव नवादा पहुंचे। उनके आगमन पर समाहरणालय परिसर में पुलिस बल के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सहित जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। आईजी के नवादा आगमन को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से आवश्यक तैयारियां की गयी थीं। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने जिले में पुलिस अनुसंधान से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कांडों में पुलिस अनुसंधान के स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
लंबित कांडों की बिंदुवार समीक्षा
समीक्षा बैठक में जिले के वैसे कांडों पर विशेष रूप से चर्चा की गयी, जिनका अनुसंधान विभिन्न कारणों से लंबित है। आईजी ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई कार्रवाई और अनुसंधान की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। बैठक के दौरान पुराने एवं लंबित कांडों के अनुसंधान को लेकर अधिकारियों से आवश्यक अपडेट लिया। साथ ही कांडों के शीघ्र निष्पादन में आने वाली संभावित समस्याओं और अनुसंधान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
गंभीर और पुराने मामलों पर विशेष नजर
समीक्षा के दौरान ऐसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिनका अनुसंधान लंबे समय से लंबित है। अधिकारियों को मामलों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा अनुसंधान से संबंधित लंबित बिंदुओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिले की पुलिसिंग व्यवस्था, अनुसंधान की प्रगति और लंबित कांडों के निष्पादन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। आईजी के निर्देश के बाद संबंधित थानों और अनुमंडल स्तर के अधिकारियों के सामने लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर जिम्मेदारी बढ़ गयी है।
दुर्गा पूजा से पहले पुलिस अलर्ट
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस महकमा अलर्ट है। पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।बैठक में संभावित भीड़, जुलूस, पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया।
विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सहित मुख्यालय डीएसपी, रजौली एसडीपीओ, सदर एसडीपीओ, हिसुआ एसडीपीओ समेत अन्य पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखने और पर्व के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अनुसंधान में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर
समीक्षा बैठक में संबंधित अनुमंडलों के पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लंबित कांडों की स्थिति से आईजी को अवगत कराया। आईजी विकास वैभव ने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने तथा नियमानुसार कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। उन्होंने अनुसंधान के दौरान सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करने और मामलों के निष्पादन में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
भईया जी की रिपोर्ट