नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के जलालपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आयोजित शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी समापन के बाद विद्यालय परिवार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को सम्मानित किया। सम्मान पाकर अभिभावक के साथ बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। प्रधानाध्यापक विरेन्द्र पासवान के अनुसार शिक्षा विभाग के निर्देश पर शनिवार को विद्यालय में शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अभिभावकों से विद्यालय से संबंधित त्रुटियों पर सुझाव की मांग की गयी। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन व विद्यालय प्रबंध समिति से किसी प्रकार की शिकायत के बजाय पूर्ण रूप से संतुष्ट होने की बातें बताई।

मौके पर छात्र- छात्राओं ने अभिभावकों की मौजूदगी में कई प्रस्तुतियां दी। अभिभावकों ने छात्र- छात्राओं की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रसंशा की। अभिभावकों द्वारा चयनित सफल प्रतिभागियों को सोमवार को चेतना सत्र में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय आरंभ होने के पूर्व अभिभावकों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया। मौके पर विद्यालय परिवार से जुड़े सभी शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही।
भईया जी की रिपोर्ट
