-बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन
नवादा : नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गये। घटना नगर थाना गेट के सामने कटपीस दुकान के पास की बतायी जा रही है। पीड़िता की पहचान न्यू एरिया स्थित पातालपुरी मंदिर के पीछे रहने वाली रीना देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रीना देवी घर से बाजार जाने के लिए निकली थी। नगर थाना गेट के सामने कटपीस दुकान के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आये। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों मौके से फरार हो गये।
पीड़िता के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों में से एक ने बरसाती पहन रखी थी इसके कारण उसका चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे सका। अचानक हुई घटना से महिला घबरा गयी और शोर मचाया, लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश तेज गति से मौके से निकल चुके थे।
घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा सकती है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और बदमाशों की पहचान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। चेन स्नैचिंग की घटना के बाद बाजार निकलने वाली महिलाओं में चिंता का माहौल है।
भईया जी की रिपोर्ट