अरवल – पुलिस महानिरीक्षक मगध क्षेत्र गया एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल द्वारा संयुक्त रूप से पुलिस कार्यालय, अरवल में आयोजित जनता दरबार में आमजनों की शिकायतों एवं समस्याओं की सुनवाई की गई। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों एवं आवेदन पत्रों के साथ उपस्थित हुए।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक मगध क्षेत्र गया एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की प्रकृति के अनुसार उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन हेतु संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपराधिक मामलों, अनुसंधान संबंधी शिकायतों एवं अन्य जनसामान्य से जुड़े विभिन्न मामलों पर सुनवाई की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्षतापूर्वक परीक्षण कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराएं।
जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं पुलिस प्रशासन के मध्य विश्वास, संवाद एवं समन्वय को सुदृढ़ करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करना है। पुलिस प्रशासन जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण एवं जनविश्वास को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट