-जानें UPI-ATM और इंटरनेट बैंकिंग सेवा पर क्या होगा असर
नवादा : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिनों की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर बैंक शाखाओं में होने वाले कामकाज पर पड़ने की संभावना है। नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, खाता संबंधी काम और अन्य शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
हड़ताल से पहले 26 सितंबर को दूसरा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। हालांकि, ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाएं सामान्य रूप से खोलने का निर्णय लिया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी उस दिन संबंधित बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित करने की मंजूरी दी है।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। यूनियनों की मांग है कि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित किया जाए। फिलहाल बैंक शाखाओं में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि अन्य शनिवार कार्य दिवस होते हैं। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर यूनियनें लंबे समय से मांग करती रही हैं। इसके अलावा यूनियनों की ओर से प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन यानी पीएलआइ समेत अन्य लंबित मुद्दों को लेकर भी मांगें रखी गयी हैं।
हड़ताल की स्थिति में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में ग्राहक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, खाते से जुड़े काम और अन्य शाखा आधारित सेवाओं के लिए ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 30 सितंबर को बैंकिंग क्षेत्र का छमाही वित्तीय समापन भी है, इसलिए उस दिन शाखा आधारित कामकाज को लेकर विशेष असर की आशंका है।
हड़ताल का असर मुख्य रूप से शाखा स्तर की सेवाओं पर पड़ने की संभावना है। UPI, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। हालांकि, किसी तकनीकी समस्या या संबंधित बैंक की व्यवस्था के आधार पर सेवा प्रभावित हो सकती है।
बैंक ग्राहकों को सलाह दी गयी है कि शाखा से जुड़े जरूरी काम हड़ताल से पहले पूरा कर लें। खासकर नकद लेन-देन, चेक जमा करने और अन्य जरूरी शाखा संबंधी कार्यों के लिए पहले से योजना बनाना सुविधाजनक रहेगा। डिजिटल भुगतान और बैंकिंग सेवाओं के लिए ग्राहक UPI, एटीएम और मोबाइल या इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट