नवादा : जिले की नरहट थाना पुलिस ने करीब दो वर्ष पुराने अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए लापता युवती अनुरागनी कुमारी को लखीसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मंसूरचक गांव स्थित एक किराए के मकान से सुरक्षित बरामद कर लिया। जानकारी देते हुए नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मामले को लेकर थाना कांड संख्या 400/24 (दिनांक 19 नवंबर 2024), धारा 137(2)/140(2) बीएनएस (BNSS) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उल्लेखनीय है कि नरहट के खनवां गांव निवासी जितेंद्र कुमार ने थाने में आवेदन देकर अपनी 18 वर्षीय पुत्री के अपहरण की आशंका जताई थी. उन्होंने बताया था कि उनकी पुत्री अनुरागनी कुमारी 18 नवंबर 2024 की सुबह करीब 9:00 बजे घर से बाजार के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, किंतु कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उस दौरान परिजनों ने युवती का शारीरिक हुलिया (कद करीब 5 फीट 2 इंच, रंग गोरा, लंबे काले बाल और चेहरे पर चेचक के निशान) दर्ज कराते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई थी.
पुलिस की विशेष टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मानवीय सूचना तंत्र और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर लगातार अनुसंधान जारी रखा। तकनीकी साक्ष्यों से युवती की लोकेशन लखीसराय के मंसूरचक में ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर उसे एक किराए के मकान से बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि युवती को नवादा लाकर नियमानुसार मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज कराने सहित अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट