नवादा : जिले के के हसुआ नगर परिषद क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की घटना सामने आयी है। घटना दिलीप दशरथ मुखिया (डीडीएम) कॉलेज, हिशसुआ के पास स्थित हसुआ नाला पर बतायी जा रही है। यहां भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के छोटे भाई शैलेन्द्र कुमार पर चाकू से हमला किये जाने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने हमले के दौरान शैलेन्द्र कुमार के सीना और छाती पर कई बार चाकू से प्रहार किया गया, जिससे वे घायल हो गये। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और परिजनों में आक्रोश है। संगठन की ओर से हमले में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। हसुआ थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार ने बताया कि घायल व्यक्ति को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारण और हमले में शामिल आरोपितों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट