नवादा : नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के निर्देश के आलोक में तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अरविन्द कुमार के सहयोग से नवादा न्यायमंडल के अधिवक्ताओं की उपस्थिति में कॉन्फ्रेंस रूम, लाइब्रेरी हॉल, व्यवहार न्यायालय में मेडिएटर के चयन हेतु एक दिवसीय इंटरेक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेडिएटर के रूप में चयनित किए जाने वाले अधिवक्ताओं के साथ इंटरेक्शन किया गया। इसके उपरांत जिला अधिवक्ता संघ से चयनित अधिवक्ताओं के लिए मेडिएटर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से आम लोगों को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से सुलहनीय मामलों का समाधान सुनिश्चित करना है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा ने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से ऐसे मामलों के शीघ्र निष्पादन में सहायता मिलेगी, जिनमें आपसी समझौते की पर्याप्त संभावना है।
पंचायत स्तर पर सुलहनीय मामलों में दोनों पक्षों की सहमति एवं आपसी समझ-बूझ के आधार पर मामलों का समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मेडिएटर प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिवक्ताओं को मध्यस्थता की प्रक्रिया एवं तकनीकों से प्रशिक्षित करना है, ताकि वे दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से मामलों के समाधान में प्रभावी भूमिका निभा सकें। इससे न्यायालयों में लंबित सुलहनीय मामलों के त्वरित निष्पादन में सहायता मिलेगी।
भईया जी की रिपोर्ट

