नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग युवती ने नाबालिग युवक पर मारपीट करने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद युवती के परिजनों ने सिरदला थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जाता है कि युवती रजौली थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि आरोपित युवक भी रजौली थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क और प्रेम संबंध था। आरोप के अनुसार, इसी क्रम में युवक ने युवती को रात में मिलने के लिए सिरदला थाना क्षेत्र में बुलाया था। युवती के परिजनों के अनुसार, दोनों की मुलाकात के दौरान युवती ने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने युवती के साथ मारपीट की और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सिरदला थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती का मेडिकल चेकअप कराया है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
इस बावत थाना कांड संख्या 282/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। पुलिस द्वारा आरोपों की जांच के साथ-साथ घटना के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। थानाध्यक्ष विनय चौरसिया ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट