नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचू गढ़ निवासी प्रणय कुमार उर्फ पीयूष हत्याकांड मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने और उन्हें हौसला देने के लिये राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा उनके आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।

परिजनों ने नेताओं को घटना की पूरी जानकारी दी। परिजनों से मिलने के बाद राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।
पूर्व सांसद प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जिला प्रशासन ने तत्काल आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की, तो राजद इस मामले को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी। गौरतलब है कि गढ़ निवासी प्रणय कुमार उर्फ पीयूष की हत्या के बाद से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट

