नवादा : परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरता के उद्देश्य से 11 से 31 जुलाई तक आयोजित जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा में जिले ने पूरे बिहार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसी क्रम में परिवार नियोजन कार्यक्रम में बेहतर कार्य के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारदीगंज को जिले में सम्मानित किया गया। पखवाड़े के दौरान नारदीगंज सीएचसी की टीम ने योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी देने, इच्छुक लाभार्थियों की पहचान करने, उन्हें सेवाओं के लिए प्रेरित करने तथा नियमित फॉलोअप पर विशेष जोर दिया।

क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक परिवारों तक परिवार नियोजन का संदेश पहुंचाया गया। इस सफलता में आशा कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटरों एवं क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के महत्व की जानकारी देने और उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में स्वास्थ्यकर्मियों ने सराहनीय कार्य किया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवीन कुमार, हेल्थ मैनेजर इरशाद अहमद एवं सामुदायिक उत्प्रेरक किरण कुमारी गुप्ता ने सभी आशा कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत, समर्पण, बेहतर समन्वय और टीम भावना का परिणाम है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी कर्मियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ परिवार नियोजन सहित सरकार के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए आगे भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट

