-निलंबित प्रधानाध्यापक ने किया विद्यालय में ध्वजारोहण, शिक्षा विभाग मौन
नवादा : जिले में खासकर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार सर चढ़कर बोल रहा है। बावजूद शासन प्रशासन से लेकर निगरानी विभाग तक मौन साधे तमाशा देख रहा है। तभी तो निलंबित प्रधानाध्यापक निलंबन के बावजूद प्रभार सौंपने तो दूर विद्यालय में अब भी अपनी उपस्थिति बना रहे हैं। हद तो यह कि पन्द्रह अगस्त को उन्होंने विद्यालय में ध्वजारोहण करने से भी गुरेज नहीं किया।
वैसे मैं बार बार कहता आ रहा हूं बगैर प्रमाण मैं न तो किसी को बदनाम करता हूं न ही कुछ लिखता हूं। सो मेरे पास पुख्ता प्रमाण है जिसे प्रशासन तो क्या दुनियां की कोई ताकत झूठला नहीं सकती। भले ही जिला प्रशासन धृतराष्ट्र के समान अंधा बनकर चुप्पी साधे रहे। तो जी हां ! फिलहाल मैं बात कर रहा हूं जिले के नरहट प्रखंड क्षेत्र के बारां खुर्द प्राथमिक विद्यालय प्रधानाध्यापक रवीन्द्र कुमार का। शिक्षा विभाग ने 03 अगस्त को उन्हें निलंबित कर दिया है। बावजूद वे न केवल विद्यालय में अपनी उपस्थिति बना रहे हैं बल्कि पन्द्रह अगस्त को बजाप्ता विद्यालय में ध्वजारोहण कर सारे नियम कानून की धज्जियां उड़ा दी।
कुछ इसी प्रकार की स्थिति हिसुआ प्रखंड फुलवरिया नसरतपुर विद्यालय प्रधानाध्यापिका की है। एमडीएम का भोजन विद्यालय में उपलब्ध कराये गये पुस्तकों से बनाये जाने का वीडियो वायरल होने के बाद जांचोपरांत बीईओ द्वारा निलंबन की अनुसंशा के एक माह से अधिक समय व्यतीत होने के बावजूद अबतक कार्रवाई नहीं किए जाने से विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहा है। ऐसे में जिले के नागरिकों का विश्वास जिला प्रशासन से समाप्त होने लगा है तो शिक्षकों की मनमानी बढ़ती जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट