नवादा : जिले की रजौली पुलिस ने करिगांव टोल प्लाजा के पास कोयले के नीचे छिपाकर लायी जा रही 600 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। रजौली थाने की पुलिस ने बुधवार की अहले सुबह लगभग चार बजे कोयला लदे ट्रक से ले जायी जा रही शराब बरामद की। टोल प्लाजा के समीप से कोयले के डस्ट और तहखाने में छिपाकर ले जायी जा रही 600 लीटर विदेशी शराब के साथ ट्रक को जब्त किया। जब्त शराब का का बाजार मूल्य 10 लाख रुपये बताया जा रहा है।
इसके साथ ही ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कोयला लदे ट्रक से शराब की बड़ी खेप बिहार लायी जा रही है। सूचना के आधार पर रात्रि गश्त पर तैनात एएसआइ बीरेन्द्र पासवान और पुलिस बलों ने करिगांव टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान ट्रक में कोयले के डस्ट के नीचे और ट्रक के केबिन के पीछे बने विशेष तहखाने में शराब मिली।
इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चालक की पहचान नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के जगतनंदनपुर गांव निवासी पप्पू यादव के पुत्र कुंदन कुमार और खलासी अकौना गांव निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की यह खेप बंगाल के आसनसोल से बिहार लाई जा रही थी।
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के बयान के आधार पर नालंदा जिले के शराब माफियाओं की इस तस्करी में संलिप्तता सामने आई है। शराब और कोयला लदे ट्रक को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट