नवादा : जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने सघन धरपकड़ अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक गिट्टी लदा ट्रक और चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहली कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के समीप एनएच-20 पर की गई। खान निरीक्षक आजाद पासवान के नेतृत्व में अवैध परिवहन के आरोप में गिट्टी लदे ट्रक संख्या BR01GH4185 को जब्त किया गया। जब्त ट्रक को रजौली थाना के सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।
दूसरी कार्रवाई पकरीबरावां थाना क्षेत्र में की गई। अवैध बालू खनन और परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान धीरज कुमार, पिता बाल्मीकि यादव, निवासी बासोचक को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई का नेतृत्व खान निरीक्षक अंजनी कुमार ने किया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जब्त दोनों ट्रैक्टरों पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित है। अभियान में पकरीबरावां थाना पुलिस शामिल रही।
तीसरी कार्रवाई नारदीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास की गई। यहां अवैध बालू परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों ट्रैक्टरों को नारदीगंज थाना में जमा कराया गया। जब्त वाहनों पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित बताया गया है। कार्रवाई खान निरीक्षक आजाद पासवान के नेतृत्व में की गई।
भईया जी की रिपोर्ट