नवादा : जिले के बिजली उपभोक्ताओं का ग़ुस्सा भड़कने लगा है। गुस्से का इजहार सड़क जाम कर उतारा जाने लगा है। रविवार को अकबरपुर प्रखंड फतेहपुर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े उपभोक्ताओं ने पथ जाम व विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी का इजहार किया था। असर भी हुआ चौबीस घंटे से बंद बिजली आपूर्ति बहाल की गयी। हांलांकि अभी तक अपेक्षित परिणाम सामने आना शेष है।
इसी के साथ सोमवार को गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के विशनपुर गांव में पिछले पंद्रह दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप रहने के विरोध में उपभोक्ताओं का ग़ुस्सा भड़क उठा। उपभोक्ताओं ने विशनपुर गांव के पास गोविंदपुर-अकबरपुर पथ घंटों जाम कर विरोध जताया।
आरोप है कि बिजली केबल का घटिया तार लगाने के कारण पन्द्रह दिन पूर्व जल जाने के कारण पन्द्रह दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली आपूर्ति ठप रहने से नल जल के साथ बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप है तो मोबाइल फोन चार्ज कर पाना मुश्किल है। वर्षाभाव के कारण धान आच्छादन ठप है। सूचना के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है। फिलहाल अधिकारियों के समझाने बुझाने पर भले ही जाम वापस लिया गया लेकिन पुनः गुस्सा अब भड़क जाए कहना मुश्किल है।
भईया जी की रिपोर्ट