नवादा : जिले के थाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरिऔना-भवनपुर मुख्य मार्ग पर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बोरे में बंद 430 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भवनपुर गांव के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान जोव डैम की ओर से आ रही तीन संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बोरे में भरकर ले जाई जा रही महुआ शराब बरामद हुई। मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के ल़हसिहना निवासी छोटू कुमार और तेलभद्रो निवासी उदय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दो होंडा और एक अपाचे बाइक जब्त कर लिया है, जिनका इस्तेमाल शराब की तस्करी में किया जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जब्त की गई तीन में से दो बाइक चोरी की हैं, जो पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से चुराई गई थीं। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे पहले बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और फिर उन्हीं गाड़ियों का इस्तेमाल शराब तस्करी में करते थे। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम और वाहन चोरी का मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट