नवादा : जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र के मुफ्फसिल थाना अंतर्गत पथरा इंग्लिश गांव में एक ही परिवार के दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद कोहराम मच गया। 44 वर्षीय ट्रक ड्राइवर साधु यादव और उनके चचेरा भाई उपचालक 22 वर्षीय अमरजीत उर्फ छोटू यादव की मौत झारखंड राज्य के कोडरमा घाटी में एक ट्रक दुर्घटना के दौरान हो गई। बताया जाता है कि झारखंड से रजौली की ओर आ रहे लोडेड ट्रक का संतुलन बिगड़ते ही पेड़ से टकराया और फिर विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से टकरा गया। जोरदार टक्कर में ट्रक पर सवार चालक और उपचालक दोनों की मौत घटना स्थल पर हो गई।
देर रात घटना की सूचना सदर विधायक विभा देवी एवं एमएलसी अशोक कुमार को मिलते ही अपने कार्यकर्ताओं को घटना स्थल पर रवाना किया। घटना स्थल पर पहुंचे सुरेन्द्र यादव एवं बृज यादव ने बताया कि हमलोगों के घटना स्थल पर पहुंचने से पूर्व कोडरमा थाना में दोनों मृतक का पार्थिव शरीर पहुंच गया था। वहां आवश्यक कागजातों एवं वैधानिक नियमों के तहत पोस्टमार्टम कराया गया और दोनों के पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया।
सोमवार की देर शाम गांव पर शव आते ही परिवार के बीच कोहराम मच गया और पूरा गांव मातम में डूब गया। इस बीच विधायक विभा देवी ने पटना से फोन पर दोनों परिजनों से बात की और ढाढ़स बंधाया तथा हर संभव मदद का भरोसा दिया। बता दें कि साधु यादव की तीन पुत्रियां और एक पुत्र है जबकि अमरजीत को आठ माह की केवल एक पुत्री है जिसपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एमएलसी अशोक कुमार ने कहा कि मृतक परिवार को नियमों के तहत मुआवजे की राशि दिलाने की कोशिश करूंगा एवं हर संभव मदद की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट