-सदर अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा, जांच की मांग
नवादा : सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 34 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। मृतक की पहचान प्रदीप चौधरी (34 वर्ष), पिता- कारू चौधरी, निवासी डोभरा, बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
मृतक के पिता कारू चौधरी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे उनके बेटे को अचानक उल्टी होने लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। आरोप है कि डॉक्टरों ने मरीज की हालत गंभीर बताते हुए उसे पावापुरी रेफर करने की बात कही। साथ ही, यदि यहीं इलाज कराना है तो ₹5,000 जमा करने को कहा गया। परिजनों के अनुसार उन्होंने तत्काल ₹2,000 दिए और शेष ₹3,000 लाने के लिए घर गए। उनका दावा है कि इसी दौरान करीब पांच मिनट के भीतर प्रदीप की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल में लापरवाही तथा रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि एक ओर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा करती हैं, वहीं दूसरी ओर सदर अस्पताल में दलालों की सक्रियता और मरीजों से अवैध वसूली के आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। रुपये मांगने और इलाज में लापरवाही के आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।
भईया जी की रिपोर्ट