-आमिर अंजुम ने पेश की मानवता की मिसाल
नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय बाजार डीह पर निवासी शिक्षक अवधेश कुमार भारती के दस वर्षीय पुत्र श्रेयान राज की मौत सकरी नदी में बालू उठाव से बने गड्ढे में डूबने से हो गयी। घटना के वक्त माता -पिता घर पर मौजूद नहीं थे ऐसे में प्रखंड जदयू सचिव आमिर अंजुम में मानवता की मिसाल पेश कर सारे कार्यों को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि मृतक नदी में कुछ बच्चों के साथ खेल रहा था। इस क्रम में बालू उठाव के कारण बने पानी भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। बच्चों का शोर सुन राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य अफरोजा खातुन के भाई आमिर अंजुम बचाव के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाल तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
चिकित्सकों के अथक प्रयास के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किये जाने के बाद सूचना थानाध्यक्ष व परिजनों को दी। थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मौत के बाद परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है। आमिर अंजुम के प्रयास का स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। वैसे ऐसा पहली बार हुआ ऐसी भी बात नहीं है। इसके पूर्व भी दर्जनों गरीब गुरबा लोगों की आर्थिक सहायता से लेकर चिकित्सकीय सहायता पहुंचाने का काम इनके द्वारा किया जा चुका है और किया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट