नवादा : जिले की सिरदला थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कांड संख्या 113/26 के वांछित अभियुक्त को तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान झारखंड के हजारीबाग जिले के अम्बातरी गांव निवासी गुड्डु कुमार (पिता- उपेन्द्र यादव) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई, निशानदेही पर बाइक बरामद
थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से अभियुक्त की तलाश थी। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों बाइक अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं। बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर वाहन वापस सौंपे जा सकें।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्त से वाहन चोरी के अन्य मामलों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वह किसी अंतरप्रांतीय या संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की छापेमारी की जा रही है। सिरदला पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सेकेंड हैंड वाहन खरीदते समय कागजातों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल कर लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। गिरफ्तार अभियुक्त को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट