नवादा : जिला पदाधिकारी, श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में भू-अर्जन, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, लघु सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, सिंचाई प्रमंडल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, भवन प्रमंडल तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गंगाजल आपूर्ति योजना फेज-02, पार्ट-01 की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुआवजा भुगतान के लिए कुल 42 एलपीसी प्राप्त हुए हैं तथा शेष रैयतों से आवश्यक अभिलेख प्राप्त करने हेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शिविरों के माध्यम से सभी पात्र लाभुकों का एलपीसी निर्गत कराते हुए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए।
साथ ही विस्थापित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन कार्य में तेजी लाने के लिए अधियाची निकाय को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि नवादा जिला अंतर्गत एनएच-31 के 97वें किलोमीटर से कादिरगंज एसएच-08 (सकरी नदी) तक बाईपास-सह-सादीपुर रेलवे हॉल्ट के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण कार्य के लिए संवेदक द्वारा साइट कैंप का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है तथा अर्जित भूमि के सीमांकन का कार्य प्रगति पर है।
लघु सिंचाई प्रमंडल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत कुल 12 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। सिविल सर्जन ने अवगत कराया कि जिले के कुछ प्रखंडों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) का निर्माण भूमि उपलब्ध नहीं होने तथा अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) के अभाव में लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
साथ ही उन्होंने बीएमएसआईसीएल को बुधौल स्थित 200 बेड वाले सदर अस्पताल के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने छूटे हुए वार्डों एवं टोलों में हर घर नल-जल योजना के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में अधिष्ठापित 32,109 चापाकलों में प्राप्त 3,170 शिकायतों के विरुद्ध 3,045 चापाकलों की मरम्मत कर दी गई है तथा शेष 125 चापाकलों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है।
पथ निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि कादिरगंज-रोह-कौआकोल-जमुई पथ (एसएच-82) के 47 किलोमीटर तथा मंझवे-नरहट-फतेहपुर-गोविंदपुर पथ (एसएच-103) के 42.069 किलोमीटर लंबाई में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) द्वारा चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट