नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इसी उद्देश्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 61 शिकायतें दर्ज कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना सिरदला अंतर्गत ग्राम महमदनगर के श्री जितेन्द्र तांती द्वारा ढलाई तोड़कर शौचालय निर्माण से संबंधित शिकायत, नवादा नगर थाना क्षेत्र के ग्राम गोनावा की श्रीमती मारुती देवी द्वारा पारिवारिक विवाद से संबंधित आवेदन, नारदीगंज थाना क्षेत्र की आशा कुमारी द्वारा अनुदेशकों की बहाली से संबंधित आवेदन तथा गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कमालपुर के एक परिवादी द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहां प्राप्त शिकायतों के निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
भईया जी की रिपोर्ट