पटना/बाढ़ : बाढ़ स्थित शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षकों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि उन्हें परोसे गए भोजन में कीड़े मिले, जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय में विभिन्न जिलों से आए शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनके आवास एवं भोजन की व्यवस्था महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा की जाती है। शिक्षकों का आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता लंबे समय से खराब है और कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
नालंदा जिले से आए एक प्रशिक्षणार्थी शिक्षक ने बताया कि भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत जब महाविद्यालय प्रशासन से की गई, तब प्रधानाचार्य स्वयं मौके पर नहीं पहुंचे। उनकी ओर से भेजे गए प्रशासनिक प्रतिनिधि ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि प्रधानाचार्य बाद में मिलेंगे। इससे प्रशिक्षणार्थियों में नाराजगी और बढ़ गई। शिक्षकों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता इतनी खराब है कि इससे पहले भी कई प्रशिक्षणार्थी अस्वस्थ हो चुके हैं। उनका आरोप है कि महाविद्यालय में भोजन, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा नहीं की जाती, जिसके कारण प्रबंधन मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है।
प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि महाविद्यालय में भोजन, स्वच्छता, आवासीय व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की नियमित जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं, इस मामले को लेकर महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट